अमेरिका की बड़ी टेक कंपनियां AI पर भारीभरकम निवेश कर रही हैं। निवेशक अब इस पर सवाल उठाने लगे हैं। इस कारण टेक कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आ रही है। अक्टूबर में नैसडैक अपने हाई से 7.8 फीसदी गिर चुका है। यह मार्च 2025 के बाद इसका सबसे खराब मासिक प्रदर्शन है। इस दौरान इसका मार्केट कैप 2 ट्रिलियन डॉलर कम हो गया है, जो एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के मार्केट कैप के बराबर है।
शुक्रवार को Nasdaq Composite में 2.86% की गिरावट आई, जबकि S&P 500 इंडेक्स में 1.82% गिरावट आई। दोनों इंडेक्स में यह जून के बाद सबसे खराब दिन रहा। Dow में भी 572 अंक यानी 1.1% गिरावट आई। टेक कंपनियां AI पर भारी पैसा लगा रही हैं और निवेशकों को डर है कि इस निवेश पर रिटर्न मिलेगा या नहीं। मेटा, अल्फाबेट और ऐमजॉन जैसी कंपनियां AI पर काफी पैसा खर्च कर रही हैं। जेपी मोर्गन के मुताबिक ग्लोबल AI कैपेक्स 2030 तक $5.5 ट्रिलियन पहुंच सकता है। इसी साल इस पर $900 अरब डॉलर खर्च होने की उम्मीद है।
इंटेल को भारी नुकसान, एक दिन में 30 फीसदी गिरावट
चिप्स बनाने वाली कंपनी इंटेल के शेयरों में 30 फीसदी गिरावट आई। यह 1974 के बाद कंपनी के शेयरों में एक दिन में आई सबसे बड़ी गिरावट है। कंपनी ने चौथी तिमाही में रेवेन्यू के कमजोर रहने का अनुमान जताया है। इसकी वजह यह है कि मेमोरी चिप की कीमत बढ़ने से कंज्यूमर डिमांड घट रही है। इसी तरह गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट के शेयरों में गुरुवार को भारी गिरावट आई थी।
ऐमजॉन के शेयरों में भी 1.4% गिरावट आई, जबकि एनवीडिया का शेयर 4 फीसदी से अधिक लुढ़क गया। इसके साथ ही एनवीडिया मार्केट कैप के मामले में ऐपल से पिछड़ गई। अल्फाबेट और मेटा के शेयर अपने टॉप से 20 फीसदी नीचे आ चुके हैं। हालांकि माइक्रोसॉफ्ट और स्पेसएक्स के रिजल्ट के मुताबिक AI पर किए खर्च पर अब रिटर्न मिलने लगा है, लेकिन इन दोनों कंपनियों के शेयरों में भी शुक्रवार को गिरावट रही।
टॉप अमीरों की नेटवर्थ में गिरावट
शेयर बाजार में गिरावट से दुनिया के टॉप अमीरों की नेटवर्थ में भी गिरावट आई है। दुनिया के सबसे बड़े रईस एलन मस्क की नेटवर्थ 48.5 अरब डॉलर कम होकर 865 अरब डॉलर रह गई। इसी तरह जेफ बेजोस, लैरी पेज, सर्गेई ब्रिन, माइकल डेल, मार्क जकरबर्ग, लैरी एलिसन और जेंसन हुआंग की नेटवर्थ भी गिर गई।