टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के मालिक और टेक दिग्गज एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर सिर्फ 1,418 लोगों को फॉलो किया है और उस सूची में एक नाम ऋषभ यादव का है। एलन मस्क जिस ऋषभ यादव को फॉलो करते हैं, उनकी सोशल मीडिया में मौजूदगी नाम मात्र की है और एक्स से लिंक्डइन तक वह बहुत कम सक्रिय हैं। एक्स पर ऋषभ को केवल 984 लोग ही फॉलो करते हैं, इसके बावजूद एलन मस्क उन्हें फॉलो करते हैं।

ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ऋषभ यादव कौन हैं, एलन मस्क उन्हें क्यों फॉलो करते हैं और क्या उनका भारत से कोई कनेक्शन है, क्योंकि वह हिंदी भी जानते हैं।

कौन हैं ऋषभ यादव?

ऋषभ यादव के लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह स्पेसएक्सएआई (SpaceXAI) के निर्माण पर काम कर रहे हैं और इसी साल अगस्त में उन्होंने SpaceXAI जॉइन किया था। जानकारी के अनुसार, ऋषभ यादव एआई कोडिंग टूल बनाते हैं और अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में रहते हैं।

ऋषभ भारतीय मूल के हैं और अंग्रेजी व स्पेनिश भाषाओं के अलावा हिंदी भी जानते हैं। ऋषभ ने ऐपल और सिस्को (Cisco) में भी काम किया है, लेकिन एलन मस्क के उन्हें फॉलो करने की मुख्य वजह कर्सर (Cursor) मानी जाती है।

ऋषभ यादव का Cursor से क्या संबंध है?

SpaceXAI जॉइन करने से पहले ऋषभ यादव कर्सर में थे। वह साल 2023 से 2024 के बीच कर्सर के फाउंडिंग इंजीनियर रहे और फिर 2024 से अगस्त 2026 तक रिसर्च लीड के रूप में वहां कार्यरत थे। कर्सर एक एआई कोडिंग असिस्टेंट है।

एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने इसी साल कर्सर को 60 अरब डॉलर, यानी लगभग 5 लाख करोड़ रुपये में खरीद लिया था। यह डील अगस्त महीने में ही पूरी हुई थी, जिसके बाद ऋषभ ने स्पेसएक्सएआई को जॉइन किया, जो एलन मस्क की ही कंपनी है।

Cursor डील क्यों महत्वपूर्ण है?

एआई के बढ़ते दौर में कर्सर उन कंपनियों में शामिल थी, जिसने अपने काम से बहुत तेज तरक्की की। रिपोर्ट्स के अनुसार, आज दुनिया की बड़ी कंपनियों जैसे एनवीडिया, एडोब, उबर और पेपाल के इंजीनियर्स इस एआई कोडिंग असिस्टेंट को अपने रोजमर्रा के कामकाज में उपयोग करते हैं।

एआई के भविष्य को देखते हुए स्पेसएक्स और एलन मस्क ने कर्सर के साथ जुड़ने का फैसला किया था और खरीद से पहले दोनों कंपनियां आपस में काम भी कर रही थीं। कर्सर को खरीदने के बाद ऋषभ यादव अब स्पेसएक्सएआई को आगे ले जाने पर काम कर रहे हैं और कहा जाता है कि अगस्त महीने के बाद से ही एलन मस्क ने ऋषभ यादव को फॉलो करना शुरू किया है।