फोन बनाने वाली कंपनी ओप्पो ने भारत में अपना नया मिनी टैबलेट "ओप्पो पैड मिनी मैट डिस्प्ले एडिशन" लॉन्च कर दिया है। यह कंपनी का कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप टैबलेट है, जो छोटे साइज में दमदार फीचर्स के साथ आता है। 8.8 इंच की स्क्रीन और करीब 282 ग्राम वजन वाला यह टैबलेट आसानी से हाथ में पकड़ा जा सकता है।

इसमें 8000mAh की बड़ी बैटरी, दमदार प्रोसेसर और 144Hz रिफ्रेश रेट वाला OLED डिस्प्ले दिया गया है। यानी छोटे साइज में यह टैबलेट गेम खेलने, वीडियो देखने और रोजमर्रा के काम करने के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

ओप्पो पैड मिनी की कीमत कितनी है?

कंपनी ने इस टैबलेट को 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले वेरिएंट में पेश किया है और इसकी कीमत 94,999 रुपये रखी गई है। यह टैबलेट लैवेंडर कलर ऑप्शन में मिलेगा।

भारतीय बाजार में इसकी बिक्री 29 अक्टूबर से शुरू होगी। अगर आप इसे खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आप इसे फ्लिपकार्ट और ओप्पो के ऑनलाइन स्टोर से खरीद सकेंगे।

ओप्पो पैड मिनी के डिस्प्ले और डिजाइन में क्या खास है?

ओप्पो के इस मिनी पैड में 8.8 इंच की OLED स्क्रीन दी गई है, जिसमें वीडियो देखने और गेम खेलने का अच्छा अनुभव मिल सकता है। स्क्रीन का रिफ्रेश रेट 144Hz है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग के दौरान स्क्रीन काफी स्मूद चल सकती है, और इसका टच सैंपलिंग रेट 240Hz है, यानी स्क्रीन टच करने पर तेजी से रिस्पॉन्स देगी। इसकी स्क्रीन की ब्राइटनेस 1600 निट्स तक है।

स्क्रीन को मैट फिनिश दिया गया है, जिससे रोशनी का रिफ्लेक्शन कम होगा। इसके साथ स्टाइलस, यानी डिजिटल पेन भी मिलता है, जो लिखने और नोट्स बनाने में मदद करेगा। यह टैबलेट Android 16 पर आधारित ColorOS 16 सॉफ्टवेयर पर चलता है।

प्रोसेसर, कैमरा और बैटरी में क्या मिलता है?

इस टैबलेट में Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है। कैमरे की बात करें, तो इसमें 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और वीडियो कॉल व सेल्फी के लिए 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।

ओप्पो के इस मिनी पैड में 8000mAh की बैटरी दी गई है, यानी एक बार चार्ज करने पर इसे लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है, और चार्जिंग के लिए 67W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 7 और ब्लूटूथ दिया गया है, साथ ही चार्जिंग और डेटा ट्रांसफर के लिए USB Type-C पोर्ट मिलता है। इस टैबलेट का वजन करीब 282 ग्राम है और इसकी मोटाई 5.46mm है, इसलिए हल्का वजन और छोटा साइज होने की वजह से इसे हाथ में पकड़ना और कहीं भी साथ ले जाना आसान होगा।