मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र में दूसरे धर्म के युवक से प्रेम विवाह करने से नाराज परिजनों ने युवती की हत्या कर शव दफना दिया। प्रेमी की शिकायत के बाद मामले का खुलासा हुआ।

परिजनों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह

मथुरा के बद्रीनगर नई बस्ती की रहने वाली नाजिया उर्फ जन्नत को राजस्थान के झुंझनू जिले के गांव पचेरीकलां के रहने वाले रविंद्र से मोहब्बत हो गई। दोनों दिल्ली में एक स्पोर्ट्स के कपड़े बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते थे। 2 साल तक दोनों एक दूसरे को मोहब्बत करने लगे। शादी करने के लिए परिजनों से बात की। रविंद्र के परिजन मान गए लेकिन नाजिया के परिजनों को रिश्ता मंजूर नहीं था। जब परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हुए तो वह 4 महीने पहले घर छोड़ कर चली गई। जिसके बाद नाजिया ने रविन्द्र से शादी कर ली। 3 महीने तक नाजिया के परिजन उससे रिश्ता तोड़ने के लिए कहते रहे लेकिन नाजिया नहीं मानी।

बहाने से मथुरा लाया गया

इसके बाद परिजनों ने रिश्ता कबूल होने का दिखावा किया। 25 सितंबर को नाजिया की मां और मौसी किसी तरह बातों में लगाकर उसे मथुरा ले आईं। यहां कुछ दिन रहने के बाद जब नाजिया ने वापस जाने के लिए कहा तो परिजन विरोध करने लगे। नाजिया के जाने के 15 दिन बाद तक जब उससे संपर्क नहीं हुआ तो रविंद्र ने उसके परिजनों को फोन किया, पहले तो वह टालमटोल करने लगे और फिर बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। जिसके बाद रविन्द्र को अनहोनी की आशंका होने लगी। रविन्द्र ने पत्नी के अपहरण किए जाने की जीरो एफआईआर झुंझनू में कराई। राजस्थान पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच के लिए मथुरा पुलिस के पास भेज दी।

पूछताछ के बाद भाई गिरफ्तार

मथुरा के थाना गोविंद नगर पुलिस के पास 23 अक्टूबर को मेल के जरिए एफआईआर आई तो पुलिस ने जांच शुरू की। शक के आधार पर नाजिया के भाई अकरम को पुलिस ने शनिवार देर रात हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने जब अकरम से पूछताछ की तो वह पहले तो उसकी मौत करंट लगने से होना बताता रहा, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि नाजिया की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया।

शव निकलवाया, पोस्टमॉर्टम का इंतजार

पुलिस ने रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के आदेश पर कब्रिस्तान से नाजिया का शव निकलवाया और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं भाई अकरम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। झुंझनू पुलिस को उसकी जानकारी दी जाएगी। जब तक साक्ष्य एकत्रित न हो जाएं तब तक कुछ कहना जल्दबाजी होगी। मां और मौसी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।