पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर को 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी भारत के राज्यों के तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिणी अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इसके 31 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तथा अंडमान सागर के आसपास के क्षेत्रों में एक डिप्रेशन में तब्दील होने की प्रबल संभावना है। इसके कारण 2 और 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके प्रभाव से अरुणाचल प्रदेश में 31 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
अलर्ट वाले 17 राज्य कौन से हैं
मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, मणिपुर, त्रिपुरा और असम में हल्की से लेकर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं IMD ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 31 अक्टूबर को ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
दिल्ली, यूपी, बिहार और एमपी का हाल
दिल्ली-एनसीआर में 31 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, इस दौरान हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 1 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और 2 नवंबर को 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 2 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट है, तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा और इसके बाद मौसम में सुधार हो सकता है। बिहार में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा, हालांकि राज्य में बारिश का प्रभाव 31 अक्टूबर को अधिक देखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक बारिश का अलर्ट है, हालांकि 5 नवंबर से राज्य में बारिश से राहत मिलेगी।
पहाड़ी राज्य, बंगाल और शहरों का तापमान
उत्तराखंड में 31 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी पूर्वानुमान है। IMD ने ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। वहीं बारिश का यह दौर 2 नवंबर तक जारी रह सकता है। इस दौरान तापमान में काफी गिरावट आ सकती है। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर को भी राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। झारखंड में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में भी 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 31 अक्टूबर को व्यापक बारिश हो सकती है। इसके बाद 1 से 5 नवंबर के बीच भी इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 31 अक्टूबर को शहरों का तापमान: दिल्ली 28/18, मुंबई 32/26, चेन्नई 31/26, कोलकाता 31/24, लखनऊ 23/21, पटना 26/22, रांची 26/20, भोपाल 26/18, जयपुर 28/18, शिमला 19/09, नैनीताल 19/13 डिग्री सेल्सियस।