दिल्ली में यमुना का पानी सिर्फ माइक्रोप्लास्टिक ही नहीं, बल्कि दवाओं के अवशेष, कीटनाशकों और औद्योगिक कचरे से जुड़े रसायनों से भी प्रदूषित है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं की एक नई स्टडी में नदी के पानी में 321 रासायनिक यौगिकों की पहचान हुई है।

इनमें 36 ऐसे हैं, जो ग्लोबल हार्मोनाइज्ड सिस्टम के तहत स्वास्थ्य या पर्यावरण के लिए खतरनाक श्रेणियों से जुड़े हैं। इनमें कैंसर, प्रजनन क्षमता पर असर, तीव्र विषाक्तता और जलीय जीवों के लिए खतरे जैसी श्रेणियां शामिल हैं।

यह अध्ययन 'जर्नल ऑफ हैजार्ड्स मटेरियल्स एडवांसेज' में प्रकाशित हुआ है। इसके लिए पल्ला से असगरपुर तक यमुना के 48.8 किलोमीटर हिस्से में 8 जगहों से नमूने लिए गए।

पानी में माइक्रोप्लास्टिक और दवाओं के अवशेष

शोधकर्ताओं को नमूनों में माइक्रोप्लास्टिक के 2,289 कण मिले। इनकी औसत मात्रा 3.18 कण प्रति लीटर रही। माइक्रोप्लास्टिक में पॉलीथीन की हिस्सेदारी 44.1 प्रतिशत और पॉलीप्रोपलीन की 27.3 प्रतिशत रही।

50 रासायनिक यौगिक ऐसे मिले, जो माइक्रोप्लास्टिक से अलग अंशों में कम से कम 4 स्थानों पर मौजूद थे। इनमें 7 रसायन सभी 8 स्थानों पर मिले। इनमें 2-नेफ्थिलामाइन, लिडोकेन और मोनोब्यूटाइल फथलेट शामिल हैं।

इसके अलावा एटोमॉक्सेटिन, डोमपेरिडोन और टेल्मिसार्टन जैसी दवाओं से जुड़े रसायन और डाइयूरॉन व थियामेथोक्साम जैसे कृषि रसायन भी मिले।

स्टडी के सह-लेखक और डीयू के पर्यावरण अध्ययन विभाग के प्रमुख राधेश्याम शर्मा ने कहा कि यमुना के प्रदूषण को केवल माइक्रोप्लास्टिक के आधार पर नहीं समझा जा सकता। अलग-अलग रसायनों के मिले-जुले प्रभाव यानी मिक्सचर टॉक्सिसिटी का अध्ययन भी जरूरी है।

दिल्ली में 22 सहायक नालों के जरिए सीवेज, खेती का बहाव और औद्योगिक कचरा नदी में जाता है। शर्मा ने नदी किनारे ग्रीनरी और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत करने पर जोर दिया।

बैराज के पास सबसे ज्यादा माइक्रोप्लास्टिक

बैराज के पास माइक्रोप्लास्टिक सबसे ज्यादा मिला। इसके बाद कई नालों के मिलने वाले बाढ़ क्षेत्र का स्थान रहा। पल्ला के कृषि और वन क्षेत्र में इसकी मात्रा सबसे कम थी।

शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि खतरनाक रसायनों की मौजूदगी से वास्तविक स्वास्थ्य जोखिम साबित नहीं होता। विस्तृत परीक्षण जरूरी है।

ओखला बैराज के पास झाग की स्टडी करेगा IRI

अलग से, दिल्ली सरकार ने रूड़की स्थित सिंचाई अनुसंधान संस्थान (आईआरआई) से यमुना में ओखला बैराज के पास इतना झाग बनने के कारणों और इसे कम करने के उपायों की स्टडी कराने को कहा है। सरकार ने इसके लिए 91 लाख रुपये दिए हैं।

दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि ओखला बैराज के आसपास झाग की समस्या सबसे अधिक होती है। इसी इलाके में झाग बनने के कारणों और इसे कम करने के उपायों की स्टडी कराई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार ने ओखला के पास यमुना पर बैराज बनाया है। इस बैराज से ऊंचाई से पानी यमुना में गिरता है, जिससे पानी में हलचल पैदा होती है और झाग बनने लगता है। अलग-अलग जगहों पर बने झाग के पैच एक साथ बहते हैं, जिससे पानी की ऊपरी सतह पर झाग ही झाग दिखाई देता है।

संस्थान से ओखला बैराज के निचले हिस्से में झाग बनने की समस्या को रोकने या कम करने की संभावनाओं की जांच करने को कहा गया है। यह भी अध्ययन किया जाएगा कि बैराज से यमुना में ऊंचाई से गिरने वाले पानी के कारण कितनी हलचल पैदा होती है। अभी इसकी रिपोर्ट नहीं आई है।

68 करोड़ रुपये की लागत से बैराज के पास ही छठ घाट बनाया जाएगा। छठ पूजा के दौरान यमुना में झाग को लेकर हर साल सियासत होती है।

सुप्रीम कोर्ट पहले ही राज्यों और अधिकारियों को चेतावनी दे चुका है कि यमुना का पानी और खराब हुआ तो जुर्माना लगेगा। कोर्ट ने नदी के बाढ़ क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने का भी आदेश दिया है।