गंगा और गंडक नदियों के पवित्र संगम स्थल पर लगने वाला विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 22 नवंबर से शुरू हो रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन से शुरू होने वाला यह एक महीने का मेला हर साल देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है।

एशिया के सबसे बड़े पशु मेले के रूप में मशहूर इस आयोजन में आने वाले मेहमानों की सुख-सुविधा के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने खास इंतजाम किए हैं।

मेला स्थल के पास बने पर्यटक ग्राम में पंचसितारा होटल जैसी सुविधाओं वाले अत्याधुनिक लग्जरी स्वीस कॉटेज तैयार किए जा रहे हैं। वहीं पटना से आने-जाने के लिए किफायती टूर पैकेज भी पेश किए गए हैं।

पांच सितारा सुविधाओं वाले लग्जरी टेंट

मेले में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को राजसी ठाठ का अनुभव कराने के लिए दो श्रेणियों में लग्जरी स्वीस कॉटेज बनाए गए हैं, जिन्हें मिनी दरबारी और राजवाड़ी नाम दिया गया है। ये टेंट पूरी तरह वातानुकूलित होंगे, जिनमें अटैच्ड बाथरूम, 24 घंटे बिजली-पानी, भोजन और कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था रहेगी।

किराए की बात करें तो देशी पर्यटकों को एक रात ठहरने के लिए 3,000 रुपये, जबकि विदेशी पर्यटकों को 5,000 रुपये का भुगतान करना होगा।

ये कॉटेज मेला स्थल के पास पर्यटक ग्राम में तैयार किए जा रहे हैं, ताकि पर्यटक आराम से मेला मैदान के करीब ठहर सकें।

पटना से 900 रुपये से शुरू: लग्जरी वाहन

बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से पटना के वीरचंद पटेल पथ और दारोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज गुरु नानक भवन से सोनपुर मेले के लिए लग्जरी वाहनों का परिचालन किया जाएगा। दारोगा राय पथ स्थित कौटिल्य विहार से रोजाना दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक वाहन उपलब्ध रहेंगे।

एसी बस और डेकर बस का किराया 900 रुपये प्रति व्यक्ति है, विंगर का भी यही किराया है। ट्रैवलर एसी 950 रुपये प्रति व्यक्ति, इनोवा 1,100 रुपये प्रति व्यक्ति और इटियोस 1,300 रुपये प्रति व्यक्ति है।

कपल्स के लिए 6,000 रुपये का पैकेज

इस बार सोनपुर मेला घूमने के इच्छुक कपल्स के लिए पर्यटन निगम ने एक बेहद आकर्षक और विशेष टूर पैकेज तैयार किया है। मात्र 6,000 रुपये प्रति कपल के इस पैकेज में होटल में ठहरने की सुविधा के साथ-साथ आने-जाने के लिए इटियोस एसी वाहन और एक अनुभवी टूरिस्ट गाइड भी उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अलावा, इस पैकेज में कपल्स के लिए ब्रेकफास्ट, लंच, शाम के स्नैक्स और डिनर की पूरी व्यवस्था भी शामिल रहेगी।

कार्तिक पूर्णिमा स्नान से शुरुआत

हरिहर क्षेत्र मेला हर साल कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर से शुरू होता है, जब लाखों श्रद्धालु गंगा-गंडक के संगम में आस्था की डुबकी लगाते हैं। इसके बाद पूरे एक महीने तक यहां पशु मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहती है।

सोनपुर मेले के इन विशेष टूर पैकेज और लग्जरी टेंट की बुकिंग के लिए पर्यटक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट या टोल-फ्री नंबर 8544418314 पर संपर्क कर सकते हैं।