पंडित धीरेंद्र शास्त्री की चार दिवसीय रामकथा मंगलवार को प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में बेंती महल हवाई पट्टी पर शुरू हुई। यह कथा 20 नवंबर तक चलेगी, जिसके लिए आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल बनाया गया है।

शास्त्री कथा से एक दिन पहले सोमवार को प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे। आयोजन के आयोजक और कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह, जिन्हें राजा भैया के नाम से जाना जाता है, ने उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव किया और खुद कार चलाकर बेंती राजभवन लेकर आए। रास्ते में कथावाचक को देखने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

सोमवार रात को, कथा शुरू होने से पहले, शास्त्री और राजा भैया ने बेंती महल के हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की। इस मौके पर उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद भी बांटा गया।

भगवा रंग से सजा कुंडा

रामकथा के लिए पूरे कुंडा को भगवा रंग से सजा दिया गया है। जगह-जगह शास्त्री के स्वागत में बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। बाबा बागेश्वर की रामकथा को लेकर इलाके के लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पंडाल परिसर में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।

कथा से पहले कुंडा में एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें इलाके की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। इस कथा में पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों को भी आमंत्रित किया गया है।

दुबई से लौटे हैं शास्त्री

कुंडा आने से पहले शास्त्री दुबई में रामकथा सुनाने गए थे, जहां उन्होंने हुमैद बिन राशिद अली कम्युनिटी हॉल में अपनी कथा के जरिये विश्व शांति और मानव कल्याण का संदेश दिया। वह 15 नवंबर को स्वदेश वापस आ गए थे।

कथा का आयोजन राजभवन बेंती स्थित योगिराज देवरहा बाबा कथा मंडपम में हो रहा है, और इसे सुनने के लिए कई जिलों से श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।