बॉलीवुड में कुछ रिश्ते खत्म होने के बाद भी काफी चर्चा में रहे हैं और इनमें से एक करीना और शाहिद का रिश्ता है। अक्सर जब फिल्मी दुनिया में रिलेशनशिप की बात आती है तो इन सितारों को भी जरूर याद किया जाता है। हालांकि, दोनों अब अपनी-अपनी राह में आगे बढ़ चुके हैं और इनकी अपनी फैमिली है। हाल ही में करीना के चैट शो What Women Want पर शाहिद की पत्नी मीरा राजपूत पहुंचीं, जहां उन्होंने पर्सनल लाइफ के बारे में कई सवाल पूछे। इसी शो पर करीना ने मीरा से मदरहुड को लेकर भी सवाल किया। ये पहला मौका है जब करीना और मीरा एकसाथ किसी शो पर नजर आई हैं।

शो के आने वाले एपिसोड के प्रोमो में मीरा और करीना के बीच हुई मजेदार बातचीत की झलक देखने को मिली। प्रोमो में करीना ने मीरा से पूछा कि उन्होंने अपने बारे में अब तक की सबसे अजीब अफवाह कौन-सी सुनी है? इस पर मीरा ने बताया कि उनके और शाहिद के तीसरे बच्चे को लेकर अक्सर अटकलें लगाई जाती हैं। मीरा का जवाब सुनकर करीना ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'हो भी सकता है।' इस पर मीरा ने तुरंत जवाब दिया, 'बिल्कुल नहीं, हमारा परिवार पूरा हो चुका है।'

कम उम्र में मां बनना, कोई अफसोस नहीं

इससे पहले करीना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शो के सेट से मीरा के साथ एक तस्वीर भी शेयर की थी और उन्हें एक प्यारी इंसान बताया था। मीरा ने करीना की पोस्ट को रीशेयर करते हुए उन्हें शो में बुलाने के लिए धन्यवाद दिया। मीरा राजपूत ने बताया कि कम उम्र में मां बनने पर उनका कैसा अनुभव रहा। जब उनसे करीना ने सवाल किया कि क्या वो जिंदगी में किसी दूसरे स्टेज पर मां बनना पसंद करतीं? तो इसपर मीरा ने कहा कि वो अपनी जर्नी में कोई भी बदलाव नहीं चाहतीं।

मीरा ने मदरहुड पर जवाब देते हुए कहा, 'मुझे ऐसा नहीं लगता। आप चाहे किसी भी स्टेज पर हों, मदरहुड एक चैलेंज है। आपके और मेरे बच्चे अलग-अलग स्टेज पर हुए हैं लेकिन मुझे यकीन है कि हम दोनों ने उन चैलेंज का सामना किया है। बच्चों को पालने-पोसने में, ओवरव्हेल्म्ड महसूस करना और मुझे लगता है कि उस समय जिस चीज ने मेरी सबसे अधिक मदद की, वह यह थी कि मेरे पास शाहिद थे जो बहुत सपोर्टिव थे।' मीरा ने ये भी बताया कि उनकी दो बहनें थीं जिनके पहले से ही बच्चे थे और उन्होंने उन्हें अपने-अपने बच्चों को पालते हुए देखा था। शाहिद की पत्नी ने कहा, बेशक इसमें चैलेंज थे लेकिन मैं इसे किसी और तरह से नहीं चाहती थी।

शाहिद और मीरा पेरेंटिंग कैसे बांटते हैं

जब करीना ने मीरा से शाहिद कपूर के साथ पेरेंटिंग के कामों को बांटने के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि पति-पत्नी के बीच जिम्मेदारियां बांटना बहुत जरूरी है क्योंकि एक इंसान सब कुछ नहीं कर सकता।' उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने घर पर भी जिम्मेदारियां बांट रखी हैं। मीरा ने इस बारे में बात करते हुए कहा, 'जब हम घर पर होते हैं तो स्पोर्ट्स और डाइट का ध्यान शाहिद रखते हैं, जबकि मैं होमवर्क, बर्थडे पार्टी, क्लास और बाकी के काम संभालती हूं। लेकिन अगर हम में से कोई ट्रैवल कर रहा है, तो दूसरे को यह करना पड़ता है।'

मीरा और करीना की इस मुलाकात ने इसलिए भी लोगों का ध्यान खींचा है क्योंकि करीना कपूर और शाहिद कपूर एक समय रिलेशनशिप में थे। दोनों की गिनती बॉलीवुड के चर्चित कपल्स में होती थी। करीना और शाहिद की मुलाकात साल 2004 में फिल्म 'फिदा' की शूटिंग के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने 'चुप चुप के', '36 चाइना टाउन' और 'जब वी मेट' जैसी फिल्मों में साथ काम किया। हालांकि, साल 2007 में फिल्म 'जब वी मेट' की शूटिंग के दौरान दोनों का रिश्ता खत्म हो गया।

करीना और शाहिद दोनों को हैं दो-दो बच्चे: करीना ने अक्टूबर 2012 में एक्टर सैफ अली खान से शादी की। दोनों के दो बेटे हैं, तैमूर और जहांगीर। वहीं, शाहिद कपूर ने जुलाई 2015 में मीरा राजपूत से शादी की थी। इस कपल के भी दो बच्चे हैं, बेटी मीशा और बेटा जैन।